नई दिल्ली। देश के उत्तरी हिस्सों में पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है और मैदानी इलाकों में शीतलहर चल रही है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक देश के उत्तरी हिस्से में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और नए साल में भी कई दिनों तक ठंड जारी रहने वाली है। देश के तीन उत्तरी राज्यों जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी जारी है। जम्मू कश्मीर के कई जिलों में तापमान माइनस 10 डिग्री तक पहुंच गया है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फ गिरने की वजह से कई सड़कें बंद हैं। बर्फबारी देखने के लिए हिमाचल के शिमला में पिछले दो दिनों में करीब 25 गाड़ियों में 80 हजार से ज्यादा पर्यटक नए साल का जश्न मनाने पहुंचे हैं। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने कहा था कि मंगलवार को पहाड़ों की बर्फीली हवा से उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में तापमान गिरेगा।
पूरे उत्तर भारत में शीतलहर और घने कोहरे का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के 52 जिलों में शीतलहर चल रही है, जबकि 60 जिलों में घना कोहरा है। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर 37 ट्रेनें आठ घंटे तक लेट चली हैं। हरियाणा के 14 शहरों में शीतलहर का अलर्ट है। मध्य प्रदेश में भी तापमान लगातार गिर रहा है। नीमच में पारा माइनस साढ़े तीन डिग्री तक पहुंचा गया है। राजस्थान तीन दिन तक शीतलहर का अलर्ट है। मौसम विभाग ने कहा है कि देश के कई हिस्सों में शीतलहर भयंकर शीतलहर में भी तब्दील हो सकती है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


