देश के राजनीतिक दलों को और खास कर बड़े नेताओं को इस तरह की टिप्पणी बंद कर देनी चाहिए कि अमुक पार्टी अमुक पार्टी की बी टीम है। अभी कांग्रेस के सभी बड़े नेता पंजाब गए थे, जहां संगरूर में राहुल गांधी की रैली में भाषण करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने आम आदमी पार्टी के लिए कहा कि वह भाजपा की बी टीम है। यह बात कांग्रेस के कई नेता पहले से कहते रहे हैं। अन्ना हजारे के आंदोलन के समय से अरविंद केजरीवाल पर इस तरह के आरोप लगते रहे कि वे भाजपा और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ की मदद से आंदोलन कर रहे थे। जब उन्होंने पार्टी बनाई तब भी कहा गया कि भाजपा और संघ ने पार्टी बनवाई है।
हो सकता है कि इन आरोपों में कुछ सचाई हो लेकिन किसी भी पार्टी की राजनीति का आकलन इस आधार पर नहीं किया जा सकता है कि उसके पीछे की प्रेरणा क्या थी? अगर यह देखेंगे तो 141 साल बाद भी इसमें अटके रह जाएंगे कि अंग्रेजों ने कांग्रेस पार्टी बनवाई थी और एओ ह्यूम उसके पहले अध्यक्ष थे। कांग्रेस का आकलन इस आधार पर नहीं किया जा सकता है कि अंग्रेजों ने सेफ्टी वॉल्व के तौर पर उसका गठन कराया था। उसका आकलन आजादी की लड़ाई में उसके ऐतिहासिक योगदान से होता है। इसलिए आम आदमी पार्टी का आकलन भी उसकी राजनीति और चुनाव में उसके प्रदर्शन के आधार पर होगा।
अगर आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन की बात करें तो उसने दिल्ली में लगातार दो चुनाव भारतीय जनता पार्टी को हराया। 2015 के चुनाव में तो भाजपा सिर्फ तीन सीट पर आ गई थी। 2020 के चुनाव में उसका प्रदर्शन सुधरा तो वह आठ सीट जीती। तभी 2025 के चुनाव से पहले केजरीवाल की गिरफ्तारी हुई और वे जेल गए। अगर केंद्रीय एजेंसियों द्वारा प्रताड़ित किए जाने वाले नेताओं की गिनती होगी तो आम आदमी पार्टी अव्वल आएगी। उससे ज्यादा किसी और पार्टी के नेता जेल नहीं भेजे गए और ऐसा नहीं है कि छोटे मोटे नेता जेल भेजे गए। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह यानी शीर्ष तीन नेता जेल गए। सत्येंद्र जैन और अन्य नेता भी जेल गए। अगर वह भाजपा की बी टीम है तो उसके नेताओं के साथ कम से कम ऐसा बरताव तो नहीं होना चाहिए!
दूसरी बात यह है कि अगर आम आदमी पार्टी भाजपा की बी टीम है तो 2013 के चुनाव के बाद कांग्रेस ने भाजपा को सरकार बनाने से रोकने के लिए आप को समर्थन देकर केजरीवाल को सीएम क्यों बनवाया था? उससे भी बड़ा सवाल यह है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने आप को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ब्लॉक में क्यों शामिल किया था? क्यों लोकसभा चुनाव में दिल्ली और हरियाणा में केजरीवाल की पार्टी के साथ कांग्रेस ने तालमेल किया था? क्या यह कांग्रेस की हिप्पोक्रेसी नहीं है कि वह एक तरफ आम आदमी पार्टी से चुनावी तालमेल करती है, सीट शेयरिंग करके चुनाव लड़ती है और फिर पंजाब की बारी आती है तो उसको भाजपा की बी टीम बता देती है?
यह सिर्फ आम आदमी पार्टी के बारे में नहीं है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी से लेकर तृणमूल कांग्रेस और राजद तक ऐसे ही असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलमीन यानी एआईएमआईएम को भी भाजपा की बी टीम बताते हैं। जहां भी एमआईएम चुनाव लड़ने पहुंचती है वहां कांग्रेस और अन्य पार्टियों के नेता उसको भाजपा की बी टीम बताना शुरू कर देते हैं। हालांकि इसमें कोई संदेह नहीं है कि राष्ट्रीय राजनीति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असदुद्दीन ओवैसी की उपलब्धियां समानुपातिक हैं। जिस अनुपात में भाजपा आगे बढ़ी है उसी अनुपात में एमआईएम भी बढ़ी है। पिछले 12 साल में एमआईएम पुराने हैदराबाद की गलियों से निकल कर देश भर की पार्टी बन गई है। 2019 के लोकसभा चुनाव में तो उसने महाराष्ट्र की औरंगाबाद लोकसभा सीट भी जीत ली थी। बिहार में लगातार दो चुनावों से उसके पांच विधायक जीत रहे हैं। महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव में भी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया। दिल्ली में भी पार्टी ने पैर जमा लिए हैं। लेकिन इस आधार पर एमआईएम को भाजपा की बी टीम बताना एक राजनीतिक दल और उसके कार्यकर्ताओं व निर्वाचित प्रतिनिधियों का अपमान करना होगा। हो सकता है कि ओवैसी की राजनीति का लाभ भाजपा को मिलता हो और यह भी संभव है कि उनको मिलने वाले वोट की वजह से कांग्रेस व अन्य भाजपा विरोधी पार्टियों को नुकसान होता हो। लेकिन क्या इस वजह से एमआईएम को राजनीति बंद कर देनी चाहिए? अगर ऐसा होने लगे तो फिर कोई भी प्रादेशिक या छोटी पार्टी राजनीति नहीं कर पाएगी।
असल में भारत में पार्टियों को अगर किसी पार्टी से खतरा दिखता है तो उसे तुरंत दूसरी पार्टी का बी टीम बता दिया जाता है। ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल के चुनाव में कांग्रेस और लेफ्ट को ही भाजपा की बी टीम कहती थीं। पिछले कुछ समय से प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी को भी भाजपा की बी टीम कहा जा रहा है। हालांकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की बांकीपुर विधानसभा सीट से उनके चुनाव जीतने के बाद यह आरोप थमे हैं। लेकिन कभी भी फिर से कहा जाने लगेगा कि प्रशांत किशोर भाजपा के एजेंट हैं।
असल में यह पूरी परिघटना पहले से स्थापित पार्टियों को नई पार्टियों से होने वाली परेशानी को दिखाती है। जब तक ओवैसी हैदराबाद में राजनीति करते थे तब तक ठीक है। लेकिन जैसे ही वे देश भर में अपनी पार्टी का विस्तार करने लगे वैसे ही भाजपा की बी टीम हो गए। ऐसे ही केजरीवाल की राजनीति से कांग्रेस को दिल्ली, गोवा, गुजरात, पंजाब आदि राज्यों में नुकसान हुआ तो वह भाजपा की बी टीम हो गई। जन सुराज पार्टी अगर बिहार में त्रिकोणात्मक मुकाबला बनाती है तो राजद और कांग्रेस की नजर में वह भाजपा की बी टीम है। ऐसे ही अलग अलग राज्यों में अलग अलग पार्टियों के लिए बी टीम की परिभाषा बदलती रहती है। आज जो कांग्रेस की ए टीम है वह कल भाजपा की बी टीम हो सकती है और जो भाजपा की ए टीम है वह कांग्रेस की बी टीम हो सकती है।
लेकिन सबको यह ध्यान रखना चाहिए कि भारत की बहुदलीय राजनीतिक व्यवस्था में सबको पार्टी बना कर राजनीति करने और चुनाव लड़ने का अधिकार है। इसी अधिकार के तहत ओवैसी से लेकर केजरीवाल और प्रशांत किशोर सब चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस को यह बात स्वीकार करनी चाहिए कि हर पार्टी अपना विस्तार करने के लिए चुनाव लड़ती है। उससे अगर कांग्रेस को नुकसान होता है तो वह कोलैटरल डैमेज है। कहीं ऐसा भी हो सकता है कि किसी पार्टी के चुनाव लड़ने से भाजपा को नुकसान हो। लेकिन कांग्रेस या भाजपा को किसी पार्टी से नुकसान हो रहा है इसलिए वह पार्टी किसी की बी टीम है, यह कहना उसके लोकतांत्रिक अधिकार पर सवाल खड़े करना है। यह राजनीतिक नासमझी भी है। इसका कोई लाभ नहीं होता है। उलटे अपनी कमजोरी जाहिर होती है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



