मुंबई में एक नहीं, आधा दर्जन जिमखाना क्लब हैं और सब सरकार की दी हुई भूमि पर बने हुए हैं। दक्षिण मुंबई में आज़ाद मैदान के दक्षिणी छोर की 28 हज़ार गज ज़मीन पर बाम्बे जिमखाना का भवन बना हुआ है। मगर उस के पास कुल मिला कर साढ़े 7 एकड़ ज़मीन है। मरीन ड्राइव पर परमानंद जीवनदास के नाम पर पी. जे. हिंदू जिमखाना है। यह 133 साल पहले 1892 में बना था। ज़मीन तब भी तत्कालीन सरकार ने दी थी और आज भी सरकार की है।
जिमखाना क्लब के बहाने-6
देश भर में सरकारी ज़मीनों पर सौ से ज़्यादा ही कुलीन-क्लब बने हुए होंगे। प्रशासनिक अधिकारियों, अलग-अलग क्षेत्र के विशिष्ट व्यक्तियों और उन के कारोबारी दोस्तों को छोड़ कर बाकी किसी के लिए भी इन की सदस्यता लेना हमेशा से पानी को मथ कर घी निकालने जैसा रहा है। चेहरे पर दाढ़ी होने-न-होने से कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता, इन अभिजात्य रंगवीथिकाओं में प्रवेशाधिकारी बनने के लिए आप के पेट में दाढ़ी होनी चाहिए। इन सभी पर अपने-अपने इलाक़े के इजारेदारों का कब्जा है।
मुंबई में एक नहीं, आधा दर्जन जिमखाना क्लब हैं और सब सरकार की दी हुई भूमि पर बने हुए हैं। दक्षिण मुंबई में आज़ाद मैदान के दक्षिणी छोर की 28 हज़ार गज ज़मीन पर बाम्बे जिमखाना का भवन बना हुआ है। मगर उस के पास कुल मिला कर साढ़े 7 एकड़ ज़मीन है। मरीन ड्राइव पर परमानंद जीवनदास के नाम पर पी. जे. हिंदू जिमखाना है। यह 133 साल पहले 1892 में बना था। ज़मीन तब भी तत्कालीन सरकार ने दी थी और आज भी सरकार की है। लेकिन पी. जे. के बेटे गोवर्धनदास ने उस समय क्लब बनाने के लिए दस हज़ार रुपए का दान दिया था। आज के हिसाब से यह रकम 16-17 करोड़ रुपए होती है। सो, कृतज्ञता ज़ाहिर करने के लिए हिंदू क्लब अभी भी उन के पिता के नाम पर है। इस के अलावा मरीन ड्राइव पर ही पारसी जिमखाना है, कैथेलिक जिमखाना है, इस्लाम जिमखाना है और वोडाहाउस जिमखाना है। इन सभी को सरकार ने पांच-पांच एकड़ ज़मीन दे रखी है। इन्हें सी-फेस जिमखाना कहा जाता है।
मुंबई में महालक्ष्मी रेसकोर्स क्लब वृहनमुंबई महापालिका की 226 एकड़ जमीन पर बसा हुआ है। विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब ताड़देव इलाके में 66 एकड़ में है। क्रिकेट क्लब आॅफ इंडिया (सीसीआई) चर्चगेट पर 20 एकड़ ज़मीन पर है। नेशनल स्पोटर््स क्लब आॅफ इंडिया (एनएससीआई) वर्ली महालक्ष्मी में समंदर किनारे 11 एकड़ ज़मीन पर है। चर्चगेट पर बाॅम्बे क्रिकेट एसोसिएशन के नजदीक गरवारे क्लब हाउस भी है।
इस मामले में बाकी शहर भी ‘तू डाल-डाल तो मैं पात-पात’ की मुद्रा में नृत्यरत हैं। राॅयल कलकत्ता टर्फ क्लब रक्षा मंत्रालय की 153 एकड़ भूमि पर बना हुआ है। कलकत्ता का टाॅलीगंज क्लब राज्य सरकार की 100 एकड़ ज़मीन पर है। बंगलूर क्लब राजस्व विभाग और रक्षा मंत्रालय की 13 एकड़ जमीन पर है। बंगलूर गोल्फ क्लब और कर्नाटक गोल्फ एसोसिएशन का क्लब भी सरकारी जमीन पर है। सिकंदराबाद क्लब रक्षा मंत्रालय की 21 एकड़ जमीन पर है। मद्रास क्लब राज्य सरकार की 13 एकड़ जमीन पर है।
तिरुअनंतपुरम में साई त्रिवेंद्रम गोल्फ क्लब कोडवियर इलाके में करीब साढ़े 25 एकड़ सरकारी भूमि पर बना हुआ है। उसी इलाके में राॅयल पैलेस के पास त्रिवेंद्रम टेनिस क्लब पौने पांच एकड़ में है। त्रिवेंद्रम क्लब साढ़े पांच एकड़ ज़मीन पर है। टैगोर थिएटर के पास सवा एकड़ ज़मीन पर बना श्रीमुलम क्लब है तो सरकारी भूमि पर, लेकिन इस की मिल्कियत पूरी तरह निजी और पारिवारिक है। तिरुअनंतपुरम में ही सचिवालय के पास मन्नम मेमोरियल नेशनल क्लब सवा एकड़ भूमि पर है। सेंट थाॅमस स्पोटर््स क्लब भी सवा एकड़ भूमि पर बना हुआ है। त्रिवेंद्रम वीमन्स क्लब एक-एक एकड़ सरकारी ज़मीन पर दो अलग-अलग जगह पसरा हुआ है। आधा एकड़ में एक आॅफिसर्स क्लब भी मौजूद है।
जयपुर में रामबाग गोल्फ क्लब सरकार की 89 एकड़ ज़मीन पर है। जय क्लब सात एकड़ ज़मीन पर, अशोक क्लब 4 एकड़ ज़मीन पर, आरएएस क्लब ढाई एकड़ पर और कांस्टीटूशन क्लब आॅफ राजस्थान सवा एकड़ ज़मीन पर बने हुए हैं। जयपुर में ही फील्ड क्लब सहेलियों की बाड़ी और फतहपुरा रोड के पास नजूल की जमीन पर 15 एकड़ में फैला हुआ है। महाराणा प्रताप खेल गांव क्लब 85 एकड़ में है। पिछोला झील की एक एकड़ ज़मीन पर बोट राइड क्लब भी है। नजूल की 10 एकड़ भूमि पर उम्मेद क्लब मौजूद है। चामी पोलो ग्राउंड के ठीक सामने रक्षा मंत्रालय की 6 एकड़ ज़मीन पर सरदार क्लब है।
लखनऊ में मोहम्मद बाग क्लब रक्षा मंत्रालय की 42 एकड़ ज़मीन पर बना हुआ है। मुख्यमंत्री के कालिदास मार्ग स्थित आवास के पास 50 एकड़ सरकारी ज़मीन पर लखनऊ गोल्फ क्लब है। अवध जिमखाना दो एकड़ में है और डालीबाग आफिसर्स क्लब भी दो एकड़ ज़मीन पर बना हुआ है। पटना का गोल्फ क्लब सरकार की 110 एकड़ ज़मीन पर है। पटना में ही बांकीपुर क्लब 5 एकड़, न्यू पटना क्लब 3 एकड़ और पटना विश्वविद्यालय के पास जुबली क्लब डेढ़ एकड़ में बने हुए हैं।
इंदौर का यशवंत क्लब राज्य सरकार की 14 एकड़ ज़मीन पर है। इंदौर का रेजीडेंसी क्लब भी सरकारी जमीन पर है। भोपाल में श्यामला हिल्स पर मुख्यमंत्री आवास के पास भोपाल क्लब 3 एकड़ सरकारी जमीन पर बना हुआ है। भोपाल के मशहूर तालाब के किनारे भदभदा क्लब 4 एकड़ सरकारी जमीन पर है। अरेरा क्लब भी राज्य सरकार की 6 एकड़ जमीन पर है। ग्वालियर में जीवाजी क्लब 5 एकड़ सरकारी जमीन पर है। ग्वालियर यंग मेन्स क्लब 2 एकड़ जमीन पर है। ऋषि गालव रेलवे क्लब भी 3 एकड़ भूमि पर बसा हुआ है। जबलपुर का नर्मदा क्लब रक्षा मंत्रालय की 6 एकड़ जमीन पर है। रेल सौरभ आॅफिसर्स क्लब 6 एकड़ जमीन पर बनाया गया है। रायपुर का छत्तीसगढ़ क्लब 4 एकड़ में है। वहां का क्वीन्स क्लब आॅफ इंडिया 4 एकड़ ज़मीन पर और यूनियन क्लब 2 एकड़ सरकारी भूमि पर है।
चंडीगढ़ में सुखना झील के दक्षिण किनारे राजभवन के ठीक बगल में 132 एकड़ सरकारी ज़मीन पर चंडीगढ़ गोल्फ क्लब है। मुख्यमंत्री आवास और हाइकोर्ट के बगल में साढ़े 8 एकड़ भूमि पर चंडीगढ़ क्लब है। सुखना झील के उत्तरी किनारे की 5 एकड़ ज़मीन पर लेक क्लब है। सुखना झील के ठीक पीछे सेक्टर छह में 6 एकड़ ज़मीन पर चंडीगढ़ गोल्फ एसोसिएशन का क्लब है। जालंधर में ओल्ड बारादरी के सब से पाॅश इलाके में कमिश्नर निवास के पास 6 एकड़ सरकारी जमीन पर जालंधर गोल्फ क्लब है। 6 एकड़ के एक और भूखंड पर जालंधर क्लब है। माॅल रोड पर रक्षा मंत्रालय की 45 एकड़ ज़मीन पर भी एक गोल्फ क्लब है। लुधियाना में सतलुज क्लब 5 एकड़ में, लोधी क्लब भी 5 एकड़ में, लुधियाना क्लब ढाई एकड़ में और माॅडल टाउन क्लब 2 एकड़ में बने हुए हैं। पटियाला में राजिंदर जिमखाना ऐंड महिंद्रा क्लब 12 एकड़ में, पटियाला क्लब 3 एकड़ में और पटियाला एविएशन क्लब 350 एकड़ में बने हुए हैं। अमृतसर का अमृतसर क्लब और लम्सडेन क्लब भी सरकारी जमीन पर हंै।
पुणे में डेक्कन जिमखाना, पुणे क्लब और पिरामिड क्लब भी सरकारी और रक्षा भूमि पर बने हुए हैं। नीलगिरी का वेलिंगटन जिमखाना क्लब भी सरकार की ज़मीन पर है। गोवा में पणजी जिमखाना सरकार की 13 एकड़ जमीन पर बना हुआ है। वास्को स्पोर्ट्स क्लब के पास आधा एकड़ सरकारी जमीन है, लेकिन वह तिलक मैदान स्टेडियम की 5 एकड़ जमीन का उपयोग भी करता है। पुदेचेरी में ‘सेर्कल द पांडिचेरी’ डेढ़ एकड़ में है और पुदुचेरी आफिसर्स क्लब 2 एकड़ में। पोर्ट ब्लेयर का अंडमान क्लब डेढ़ एकड़ में बना हुआ है और बंगाली क्लब एक एकड़ सरकारी जमीन पर है।
भुवनेश्वर गोल्फ क्लब चंद्रशेखरपुर में साढ़े 35 एकड़ सरकारी भूमि पर है। भुवनेश्वर क्लब घटिकिया मेंपां च एकड़ भूमि पर है। केशरी नगर में राजपथ पर एक और भुवनेश्वर क्लब है सवा दो एकड़ ज़मीन पर। एकाउंटेंट जनरल कार्यालय के अधिकारियों के लिए मधुसूदन नगर में एजी रीक्रएशन क्लब भी भुवनेश्वर में है। गुवाहाटी का इंडिया क्लब दो एकड़ में है। वहां का टाउन क्लब डेढ़ एकड़ में, जिमखाना क्लब दो एकड़ में और यार्ड्स क्लब 20 एकड़ में है।
श्रीनगर में राॅयल स्प्रिंग्स गोल्फ क्लब 300 एकड़ सरकारी जमीन पर डल झील के किनारे चश्मे शाही बाग के पास बना हुआ है। लाल चैक के पास 52 एकड़ सरकारी जमीन पर कश्मीर गोल्फ क्लब भी मौजूद है। नैनीताल का बोट हाउस क्लब एक एकड़ सरकारी जमीन पर है। मल्लीताल का नैनीताल क्लब भी राज्य सरकार की 7 एकड़ जमीन पर है। न्यू क्लब भी नजूल की डेढ़ एकड़ सरकारी जमीन पर है। शिमला में यूनाइटेड सर्विसेज क्लब 20 एकड़ में है। अन्नाडेल गोल्फ क्लब रक्षा मंत्रालय की 30 एकड़ ज़मीन पर है। एमेच्योर ड्रामेटिक क्लब एक एकड़ जमीन पर और नाल्देहरा गोल्फ क्लब 100 एकड़ में है। मशहूर शहरों में देहरादून क्लब देश का संभवतः अकेला ऐसा क्लब है, जिस की पौने छह एकड़ ज़मीन खुद की है और फ्रीहोल्ड है। देहरादून क्लब ने यह जमीन 123 साल पहले 1903 में 18,200 रुपए में खरीदी थी। चूंकि इस अनंत कथा का कोई ओर-छोर नहीं है। इसलिए फ़िलहाल इस अनंत गाथा का यहीं अंत करते हैं। (समाप्त)


