राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

‘मीठे में क्या है?’

सवाल है- मीठे में क्या है? शायद मिठास चीनी में नहीं, उस रिश्ते में है जहां आपको अपनी कड़वाहट के साथ भी स्वीकार कर लिया जाता है। जहां आपकी पसंद अलग हो सकती है, आपके फ़ैसले ग़लत हो सकते हैं, लेकिन आपके लौटने का दरवाज़ा बंद नहीं होता। शायद घर इसी का नाम है। और शायद सिनेमा भी इसी मिठास की तलाश है।… रोहिणी हट्टंगड़ी इस फ़िल्म की सबसे बड़ी ताक़तों में से एक हैं।

सिने-सोहबत

परिवार भी बड़ी दिलचस्प चीज़ है। दुनिया में कहीं भी चले जाइए, अपनी मर्ज़ी से ज़िंदगी जीने की आज़ादी मिल सकती है, लेकिन घर लौटते ही कोई न कोई पूछ ही लेगा कि शादी कब कर रहे हो? बच्चे क्या कर रहे हैं? और ज़िंदगी में आगे का प्लान क्या है? शायद इसलिए परिवार दुनिया का सबसे पुराना लोकतंत्र है, जहां हर सदस्य को बोलने की पूरी आज़ादी है, लेकिन फ़ैसला अक्सर कोई और करता है!

राधिका बंसल की पहली फ़ीचर फ़िल्म ‘मीठे में क्या है?’ इसी लोकतंत्र के भीतर चलने वाली छोटी-बड़ी राजनीतिक गतिविधियों, भावनात्मक उठापटक और रिश्तों की अपनी चुनावी राजनीति को बड़े सहज अंदाज़ में पकड़ती है। लखनऊ के एक घर में दिवाली के अवसर पर जुटा एक परिवार, कुछ पुराने गिले-शिकवे, कुछ नए राज़, कुछ अधूरे रिश्ते और कुछ ऐसे फ़ैसले, जिन्हें परिवार की अदालत में पेश किया जाना अभी बाक़ी है। ऊपर से मिठाइयों की ख़ुशबू और भीतर भावनाओं की हलचल। राधिका बंसल की इस फ़िल्म में त्योहार सिर्फ़ कैलेंडर की तारीख़ नहीं, बल्कि रिश्तों की पड़ताल करने का एक बहाना बन जाता है।

कहानी का केंद्र है जय (ऋत्विक भौमिक), एक युवा आर्किटेक्ट, जिसकी पत्नी तारा की दो साल पहले एक कार दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी है। जय अब तक इस सदमे से उबर नहीं पाया है। उसने ख़ुद को परिवार से अलग कर लिया है और पहाड़ों में अपना नया ठिकाना बसाने की तैयारी कर रहा है। उसे लगता है कि शायद जगह बदलने से ज़िन्दगी का खालीपन भी कुछ कम हो जाए। लेकिन ज़िंदगी की पटकथा में कुछ ऐसे दृश्य होते हैं जिन्हें हम अपनी मर्ज़ी से एडिट नहीं कर सकते।

बहन सना (दलाई) का फ़ोन आता है। वह बताती है कि उसने अपनी पसंद से करम (विक्रम बख्शी) से शादी कर ली है और अब चाहती है कि जय दिवाली पर नानी के घर पहुंचे, ताकि परिवार को इस शादी के बारे में बताया जा सके। जय लखनऊ पहुंचता है। नानी (रोहिणी हट्टंगड़ी) के घर में पूरा परिवार जुट रहा है। मां अमृता (आयशा रज़ा मिश्रा), पिता अजय (गौरव शर्मा), मामा ऋषभ (अभय कौल), मामी प्रीति (तराना राजा) और परिवार के दूसरे सदस्य। सबके अपने विचार हैं, अपनी चिंताएं हैं और अपने-अपने हिसाब से सही होने के तर्क भी।

इस पारिवारिक जमावड़े में एक और दिलचस्प किरदार है मीरा (शिविका ऋषि), नानी की तेरह वर्षीय पड़ोसी, जिसके साथ जय की एक अनपेक्षित दोस्ती हो जाती है। सना और करम के आने के बाद परिवार में हलचल बढ़ती है। अंतरजातीय विवाह, करम का पिछला वैवाहिक जीवन, नानी का अकेले रहना और पुश्तैनी घर को लेकर परिवार की चिंताएं, कहानी कई दिशाओं में खुलती है।

लेकिन फ़िल्म का असली विषय इन समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि उन समस्याओं के बीच एक परिवार का साथ रहना है। भारतीय परिवारों में प्रेम और अधिकार के बीच की रेखा अक्सर बहुत धुंधली होती है। हम जिन लोगों से सबसे ज़्यादा प्रेम करते हैं, उनकी ज़िंदगी के फ़ैसलों पर अपना अधिकार भी सबसे ज़्यादा समझते हैं।

सना का अपनी पसंद से शादी करना इसी मानसिकता को चुनौती देता है। एक तरफ़ नई पीढ़ी है, जो अपने जीवनसाथी का चुनाव अपने विवेक और भावनाओं से करना चाहती है। दूसरी तरफ़ परिवार है, जिसके लिए विवाह केवल दो व्यक्तियों का निजी मामला नहीं, बल्कि सामाजिक प्रतिष्ठा और पारिवारिक स्वीकार्यता का प्रश्न भी है।

दिलचस्प बात यह है कि फ़िल्म इस टकराव को किसी बड़े सामाजिक विमर्श में बदलने की कोशिश नहीं करती। वह इसे घर के भीतर होने वाली बातचीत, असहमतियों, प्रतिक्रियाओं और कभी-कभी हास्यास्पद स्थितियों के ज़रिये सामने रखती है। अमृता का किरदार इस संदर्भ में ख़ास है। आयशा रज़ा मिश्रा एक ऐसी मां को सामने लाती हैं जो अपनी बेटी की ख़ुशी चाहती है, लेकिन उस ख़ुशी की परिभाषा भी कहीं न कहीं ख़ुद तय करना चाहती है। उनकी चिंता में ममता है, लेकिन उसी ममता में नियंत्रण की प्रवृत्ति भी दिखाई देती है।

यहां एक सवाल मन में आता है कि क्या माता-पिता अपने बच्चों को बड़ा तो कर देते हैं, लेकिन उनके फ़ैसलों को स्वीकार करने के लिए ख़ुद कभी बड़े हो पाते हैं? मुझे लगता है, भारतीय परिवारों की सबसे दिलचस्प कहानी इसी सवाल के आसपास लिखी जा सकती है। जय का किरदार फ़िल्म का भावनात्मक आधार बन सकता था और कई दृश्यों में बनता भी है।

अपनी पत्नी को खोने के बाद जय ने जैसे ज़िंदगी से ही दूरी बना ली है। वह घरों का आर्किटेक्ट है, लेकिन अब ख़ुद अपने लिए कोई घर नहीं बनाना चाहता। इस किरदार में एक सुंदर प्रतीकात्मक संभावना है। जो व्यक्ति दूसरों के रहने की जगह डिज़ाइन करता था, वह अपने भीतर रहने की जगह खो चुका है। ऋत्विक भौमिक इस आंतरिक टूटन को संयम से निभाते हैं। उनके अभिनय की अच्छी बात यह है कि वह हर दृश्य में दुख का प्रदर्शन नहीं करते। उनकी ख़ामोशी, लोगों के बीच रहते हुए भी एक दूरी बनाए रखने का अंदाज़ और कुछ मौक़ों पर चेहरे पर लौटती हल्की मुस्कान, किरदार को विश्वसनीय बनाती है।

मीरा के साथ उनकी दोस्ती कहानी में एक अलग भावनात्मक परत जोड़ती है। मीरा की जिज्ञासाएं और जीवन को देखने का उसका अल्हड़ नज़रिया जय को अपने भीतर झांकने का एक अवसर देते हैं। कई बार ज़िंदगी को दोबारा शुरू करने के लिए किसी बड़े दर्शन की नहीं, एक छोटी-सी बातचीत की ज़रूरत होती है। यहां मुझे लगता है कि फ़िल्म एक बहुत सुंदर बात कहती है कि किसी अपने को खो देने के बाद आगे बढ़ने का अर्थ उसे भूल जाना नहीं है। आगे बढ़ने का अर्थ है उसकी यादों के साथ जीने की नई कला सीखना।

रोहिणी हट्टंगड़ी इस फ़िल्म की सबसे बड़ी ताक़तों में से एक हैं। उनकी मौजूदगी में एक ऐसा अपनापन है, जिसे किसी बड़े संवाद या भावुक संगीत की ज़रूरत नहीं पड़ती। वह परिवार की मुखिया हैं, लेकिन उनकी भूमिका केवल बुज़ुर्ग सदस्य की नहीं है। उनका घर परिवार की स्मृतियों, परंपराओं और भावनात्मक विरासत का प्रतीक है।

इस घर को लेकर परिवार के दूसरे सदस्यों की अपनी चिंताएं हैं। नानी अकेली रहती हैं, उनकी उम्र बढ़ रही है और परिवार चाहता है कि वह जयपुर आकर उनके साथ रहें। पुश्तैनी घर को बेचने का विचार भी इसी बहस का हिस्सा है। यहां फ़िल्म एक ऐसा प्रश्न उठाती है जिस पर हमारे समाज में और बातचीत होनी चाहिए कि क्या बुज़ुर्गों की सुरक्षा के नाम पर उनसे उनका अपना घर और अपनी स्वतंत्रता छीन लेना उचित है?

घर केवल एक प्रॉपर्टी नहीं होता। वह स्मृतियों का पता होता है। वहां की दीवारों में हमारी उम्र के कई हिस्से सुरक्षित रहते हैं। रोहिणी हट्टंगड़ी इस भाव को अपने सहज अभिनय से जीवंत करती हैं। उनके किरदार में एक ठहराव है, जो परिवार की भागदौड़ के बीच एक भावनात्मक संतुलन बनाता है।

ऋत्विक भौमिक ने जय के किरदार में अच्छी संवेदनशीलता दिखाई है। शिविका ऋषि मीरा के रूप में आकर्षित करती हैं। उनमें एक स्वाभाविक जिज्ञासा और बालसुलभ चंचलता है। आयशा रज़ा मिश्रा का अभिनय कई जगह प्रभावशाली है, हालांकि उनका किरदार कुछ मौक़ों पर ज़रूरत से ज़्यादा मुखर हो जाता है। दलाई और विक्रम बख्शी भी सना और करम के किरदारों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं। ख़ासकर करम का किरदार इस पारिवारिक समीकरण में एक दिलचस्प नया आयाम जोड़ता है। अभय कौल, तराना राजा और गौरव शर्मा अपने-अपने किरदारों को विश्वसनीय बनाने में योगदान देते हैं।

फ़िल्म की एक ख़ूबी इसका सामूहिक अभिनय है। यहां कहानी किसी एक नायक के इर्द-गिर्द पूरी तरह सिमटती नहीं है। हर किरदार के पास अपनी छोटी-सी कहानी है और यही परिवार को एक जीवंत इकाई बनाता है। लखनऊ इस फ़िल्म में केवल कहानी की लोकेशन नहीं, बल्कि उसके सांस्कृतिक मिज़ाज का हिस्सा है। शहर की तहज़ीब, खानपान, पुराने घरों का वातावरण और घरेलू बातचीत का अंदाज़ फ़िल्म को एक ख़ास पहचान देते हैं। दिवाली के पकवानों से सजी मेज़, पुरानी यादों से भरा घर और रिश्तेदारों की आवाजाही मिलकर एक ऐसा संसार रचते हैं जिसे देखकर अपने परिवार की याद आना स्वाभाविक है।

पीयूष पुटी की सिनेमैटोग्राफ़ी और नताशा गौबा का प्रोडक्शन डिज़ाइन इस घरेलू वातावरण को विश्वसनीय बनाने में मदद करते हैं। अमित त्रिवेदी का संगीत कहानी के उत्सवी और भावनात्मक मिज़ाज के अनुरूप है। हालांकि, गीतों में ऐसा कोई विशेष आकर्षण नहीं है जो फ़िल्म के बाद भी बहुत देर तक साथ रहे। उनका बैकग्राउंड स्कोर अपेक्षाकृत अधिक प्रभावी है। नेहा मेहरा का संपादन कहानी को सहज गति देता है, हालांकि कुछ प्रसंगों को और कसावट के साथ प्रस्तुत किया जा सकता था।

अब ज़रा आलोचना की बात भी कर लें। आख़िर हर मिठाई सिर्फ़ इसलिए अच्छी नहीं हो जाती कि उसमें चीनी है! राधिका बंसल की कहानी में कई दिलचस्प संभावनाएं हैं, लेकिन पटकथा उन सभी का पूरा लाभ नहीं उठा पाती। सना की शादी और करम के पिछले वैवाहिक जीवन के ज़रिए दूसरी शादी, स्वीकार्यता और सामाजिक पूर्वाग्रहों पर एक गहरी बातचीत हो सकती थी। जय का दुख एक बेहद प्रभावशाली भावनात्मक यात्रा बन सकता था। नानी के घर को लेकर परिवार की बहस भी पीढ़ियों के बदलते मूल्यों पर गंभीर टिप्पणी कर सकती थी लेकिन फ़िल्म इन सभी विषयों को छूकर आगे बढ़ जाती है।

कुछ घटनाक्रम स्वाभाविक रूप से विकसित होने के बजाय कहानी में जोड़े हुए महसूस होते हैं। कुछ हास्य प्रसंग बेहद सहज हैं, जबकि कुछ जगहों पर हास्य पैदा करने की कोशिश ज़रा बनावटी लगती है। यही इस फ़िल्म की सबसे बड़ी सीमा है। यह अपने किरदारों को पसंद तो करती है, लेकिन उनके भीतर उतरने का पर्याप्त समय हमेशा नहीं निकाल पाती। फिर भी, एक पहली फ़ीचर फ़िल्म के रूप में राधिका बंसल की संवेदनशीलता और घरेलू जीवन के प्रति उनकी समझ उम्मीद जगाती है। एक निर्देशक के रूप में यह उनकी अच्छी शुरुआत है।

फ़िल्म का शीर्षक एक सीधा-सा सवाल पूछता है- मीठे में क्या है? शायद इसका जवाब किसी मिठाई की दुकान पर नहीं मिलेगा। इसके लिए हमें अपने घर लौटना पड़ेगा। ‘मीठे में क्या है?’ कोई बहुत बड़ी सिनेमाई उपलब्धि नहीं है। पटकथा में और गहराई, संघर्षों में और स्वाभाविकता और भावनात्मक प्रसंगों में थोड़ी और ठहराव की गुंजाइश थी। लेकिन यह फ़िल्म एक ऐसे पारिवारिक संसार की झलक ज़रूर देती है जिसमें हममें से कई लोग अपना अक्स देख सकते हैं।

और शायद सिनेमा की सबसे बड़ी ख़ूबी भी यही है। पर्दे पर किसी दूसरे परिवार की कहानी देखते हुए हमें अपना परिवार याद आने लगे। आख़िर में सवाल फिर वही है- मीठे में क्या है? शायद मिठास चीनी में नहीं, उस रिश्ते में है जहां आपको अपनी कड़वाहट के साथ भी स्वीकार कर लिया जाता है। जहां आपकी पसंद अलग हो सकती है, आपके फ़ैसले ग़लत हो सकते हैं, लेकिन आपके लौटने का दरवाज़ा बंद नहीं होता। शायद घर इसी का नाम है। और शायद सिनेमा भी इसी मिठास की तलाश है।

नेटफ़्लिक्स पर है। देख लीजिएगा। (पंकज दुबे पॉप कल्चर क़िस्सागो, उपन्यासकार और यूट्यूब चैट शो ‘स्मॉल टाउन्स बिग स्टोरीज़” के होस्ट हैं।)

Leave a comment