राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

एक विस्मृत नायकः सच्चिदानंद सिन्हा

संविधान सभा के अंतरिम अध्यक्ष सच्चिदानंद सिन्हा

155वीं जयंती, 10 नवंबर के अवसर पर विशेष

अरविंद कुमार

आजादी की पहली लड़ाई यानी 1857 की क्रांति के बाद देश में आज़ादी की एक चेतना फैली और उन्नीसवीं सदी में आधुनिक भारत के निर्माण में देश के अनेक महापुरुषों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। 1885 में कांग्रेस की स्थापना हुई और दादा भाई नौरोजी, वोमेश चन्द्र बनर्जी, रास बिहारी बोस और सुरेंद्र नाथ बनर्जी जैसे नेता सामने आए। उसके बाद दूसरे चरण में लोकमान्य तिलक, लाला लाजपत राय, मदन मोहन मालवीय, मोतीलाल नेहरू, रवींद्र नाथ टैगोर से लेकर महात्मा गांधी तक अनेक महापुरुषों ने अपने त्याग, तपस्या, समर्पण तथा अपनी सामाजिक, सांस्कृतिक और मानवीय चेतना से समाज और देश को बदलने तथा उसे गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने का महास्वप्न देखा था और अपनी कर्मठता से उसे पूरा करने का संकल्प भी लिया।

बिहार के बक्सर जिले के मुरार गांव के मध्यवर्गीय परिवार में जन्मे सच्चिदानंद सिंह भी भारत माता के एक ऐसे ही सपूत थे। उनके दादा बख्शी शिवप्रसाद सिन्हा डुमरांव महाराज के मुख्य राजस्व अधिकारी थे। यूं तो इनके पूर्वज लखनऊ से आये थे और मुरार में बख्शी परिवार जहां रहता था वह लखनऊ टोले के रूप में जाना जाता था। 1857 की क्रांति के बाद देश में स्वतंत्रता की जो लहर फैली, उससे सच्चिदानंद सिन्हा भी अछूते नहीं रहे। बाल्य काल से ही उनके अंदर देश प्रेम की भावना जागी और 17 वर्ष के युवक के रूप में इलाहाबाद में कांग्रेस के अधिवेशन में भाग लिया।

सच्चिदानंद सिन्हा के पिता रामायद सिन्हा अंग्रेजों की नौकरी छोड़कर बनारस में वकील बन गए और वे डुमरांव महाराज की सलाह पर 1865 में आरा में जा बसे थे, जहां डींस टैंक इलाके में 10 नवंबर 1871 को इस प्रतिभाशाली बालक का जन्म हुआ, जिसने अपना नाम इतना रौशन किया कि बाद में संविधान सभा का अंतरिम अध्यक्ष भी बना। आरा जिला स्कूल से स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के दौरान उन्होंने तत्कालीन हेड मास्टर के क्रूर छात्र विरोधी आचरण और तानाशाही रवैये का विरोध किया जिसका समर्थन उनके साथियों ने किया तो सौ छात्र स्कूल से निकाल दिए गए तब सबको बाद में 1888 में टीके घोष अकेडमी, पटना में नाम लिखवाना पड़ा और वहीं से उन्होंने मैट्रिक की परीक्षा पास की। बाद में इसी स्कूल से डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद भी पढ़े।

सच्चिदानंद सिन्हा ने एफए में पटना कालेज में दाखिला लिया फिर वे अगले वर्ष सितंबर 1889 कोलकत्ता के सिटी कालेज में चले गए। उनके भीतर लंदन से उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा बलवती हुई क्योंकि उनके आरा स्कूल के सहपाठी अली इमाम जैसे लोग लंदन वकालत की पढ़ाई करने गए थे जो बाद में बिहार के प्रख्यात अधिवक्ता और इम्पीरियल कौंसिल के सदस्य बने और उन्हें सर की उपाधि मिली। आरा में सच्चिदा बाबू की मदन मोहन मालवीय से मुलाकात हो चुकी थी जो गांधी जी के भारत आने से पहले कांग्रेस के बड़े नेता था। उन्होंने ही सिन्हा साहब को विदेश से उच्च शिक्षा ग्रहण करने की प्रेरणा दी थी।

माता पिता की अनिच्छा के बावजूद वे 16 दिसम्बर 1889 को लंदन के लिए रवाना हुए और जेब मे मात्र 50 रुपए लिए पानी के जहाज से फरवरी 1890 में ब्रिटेन पहुंचे एवम अप्रैल माह में मिडिल टेम्पल में कानून की पढ़ाई के लिए दाखिल लिया। इसी कालेज से अली इमाम औऱ उनके छोटे भाई हसन इमाम, महात्मा गांधी और मौलाना मज़रुल हक़ ने कानून की पढ़ाई की। गांधी जी मज़रुल हक़ से उनक़ा यहीं परिचय हुआ जो जीवन पर्यंत बना रहा और वे बाद में बिहार निर्माण आंदोलन तथा आज़ादी की लड़ाई में वे उनके सहयोगी बने।

लंदन में रहते हुए वे देश की आज़ादी की लड़ाई में एक सिपाही की तरह अपनी भूमिका निभाते रहे और कंग्रेस की ब्रिटेन समिति की गतिविधियों में भाग लेते रहे। उन्होंने दादा भाई नौरोजी के ब्रिटिश पार्लियामेंट के चुनाव प्रचार में भी भाग लिया था।

सच्चिदानंद सिन्हा 1893 में स्वदेश लौटे और पहले इलाहाबाद पहुंचे जहां मदन मोहन मालवीय से उनकी फिर मुलाक़ात हुई जो उंनसे उम्र में दस वर्ष बड़े थे। इलाहाबाद से वे आरा गए फिर अपने गांव भी। ब्रिटेन से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के कारण उनक़ा भव्य स्वागत किया गया लेकिन उनके परिवारवालों ने ब्रिटेन से लौटने के बाद उन्हें शुद्धिकरण की रस्म अदा करने की सलाह दी लेकिन सिन्हा साहब ने इस पुरानपंथी विचार को त्याग दिया। उन दिनों सात समंदर पार विदेश जाना अपवित्र कार्य माना जाता था। वे पहले बिहारी हिन्दू थे जो ब्रिटेन गए थे। इससे पहले अली इमाम जा चुके थे।

अप्रैल 1893 में वे कोलकत्ता उच्च न्यायालय में वकील के रूप में दर्ज हुए फिर 1896 नवम्बर में इलाहाबाद उच्च न्यायालय में वकील के रूप में दर्ज हुए। इससे पहले 1994 में 25 जुलाई को उन्होंने लाहौर के मशहूर वकील सेवा राम की बेटी राधिका सिन्हा से लाहौर में शादी की जो सभ्य सुशील सुसंस्कृत, पुस्तक प्रेमी तथा उदार महिला थी जिन्होंने कायस्थ पाठशाला के के लिए उस जमाने मे 50 हज़ार दिए और उन्होंने इतनी ही राशि लाहौर यूनिवर्सिटी को दान दी तथा राधिका सिन्हा इंस्टिट्यूट और सिन्हा लाइब्रेरी के लिए भी उस जमाने में डेढ़ लाख रुपए दिए जो आज के हिसाब से अरबों की राशि मानी जायेगी। इस पुस्तकालय का उद्घाटन बिहार के तत्कालीन गवर्नर हेनरी व्हीलर ने किया।

सच्चिदानंद सिन्हा बहुत पढ़ाकू पुस्तकों प्रेमी और भारत में लाइब्रेरी मूवमेंट के जनक भी थे। उन्होंने चतुर्थ पुस्तकालय सम्मेलन की अध्यक्षता भी की थी। अपने पुस्तकालय की अधिकतर किताबों में उनकी पेंसिल के निशान देखे जा सकते हैं। वे समाज में ज्ञान-अर्जन को बहुत महत्व देते थे, इसलिए उन्होंने यह पुस्तकालय बनाया जहां से पढ़कर देश की कई पीढ़ियां निकली औऱ उच्च पदों पर गईं और बड़ी हस्तियां बनीं। डॉक्टर सिन्हा हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू फारसी के विद्वान भी थे। उर्दू शायरी के इतने मुरीद थे कि इकबाल पर लिखी गयी उनकी आलोचनात्मक पुस्तक उनकी आलोचकीय प्रतिभा का एक प्रमाण है। लेकिन वे घर में भोजपुरी ही बोलते थे तथा लोगों से भी भोजपुरी में बात करते थे। संविधान सभा के सदस्य श्याम नंदन सहाय और हिंदी के प्रख्यात साहित्यकार शिवपूजन सहाय ने भी उनपर लिखे अपने संस्मरणों में यह बात लिखी है। शिवपूजन सहाय के शब्दों में “सिन्हा साहब कहते थे तुम भोजपुरी में क्यों नहीं बात करते। तुम से कहीं अच्छी हिंदी मैँ जानता हूं”। वे कहते थे मोती लाल नेहरू और तेज बहादुर सप्रू अच्छी उर्दू बोलते हैं। वे बिहार में सिर्फ राजेन्द्र बाबू को ही हिंदी का लेखक मानते थे।

डॉक्टर सिन्हा कायस्थ समाज को पुरानी रूढ़ियों अंधविश्वासों से मुक्त बनाने और आधुनिक बनाने में भी लगे रहे तथा स्त्रियों की शिक्षा की तरफ प्रेरित करने के लिए समाज सुधार में भी लगे रहे। इसके अलावा देश की आजादी के लिए कांग्रेस के अधिवेशनों में भाग लेने लगे। इलाहाबाद प्रवास के दौरान मोतीलाल नेहरू से उनकी मित्रता शुरू हुई जो आजीवन चलती रही। वे उन्हें बड़ा भाई मानते थे।

वे 7, एल्गिन रोड पर रहते थे जबकि मोती लाल नेहरू का घर 9, एल्गिन रोड पर था। इसी घर में जवाहरलाल नेहरू के बचपन के कुछ वर्ष बीते थे। यहीं जवाहलरलाल नेहरू डॉ सिन्हा से घुले मिले थे। वे 1896 से 1906 तक इलाहाबाद हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करते रहे। 1900 में वे कायस्थ पाठशाला के सचिव बने और कायस्थ महासभा के सम्मेलनों में भाग लेते रहे। उसकी अध्यक्षता उन्होंने भी की। .

डॉक्टर सिन्हा एक उच्च कोटि के पत्रकार भी रहे और समाज को जागृत करने के लिए 1894 में ‘बिहार टाइम्स’ और 1900 में ही उन्होंने ‘हिंदुस्तान रिव्यू’ की स्थापना की जो रामानंद चट्टोपाध्याय के ‘मॉडर्न रिव्यू’ की तर्ज पर था।

बाद में उन्होंने लीडर जैसा अखबार भी इलाहाबाद से निकाला और चिंतामणि जैसे प्रख्यात पत्रकार उसके संपादक बने। पटना में डॉक्टर सिन्हा ने ‘सर्चलाइट’ जैसा अखबार भी निकाला औऱ इस तरह उन्होंने भारतीय पत्रकारिकता की नींव को मजबूत किया। वे भारतीय समाज मे अपने विचारों को जगह देने तथा देशभक्ति की भावना को जगाने में प्रेस की भूमिका को महत्वपूर्ण मानते थे।

यह भारतीय राजनीति का तिलक युग था औऱ गांधी जी अभी भारत लौटे नहीं थे लेकिन कांग्रेस की गतिविधियां तेज हो रही थी और आजादी की लड़ाई गांव गांव फैल रही थी। डॉक्टर सिन्हा का कांग्रेस से सम्बंध दिन प्रतिदिन मजबूत होता जा रहा था। 1909 में वे भागलपुर में बिहार प्रोविंशियल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष चुने गए। 1910 में इम्पीरियल लेजिस्लेटिव कौंसिल के सदस्य चुने गए।

1912 में पटना में जब कांग्रेस का 12वां अधिवेधन हुआ तो डॉक्टर सिन्हा उसकी स्वागत समिति के अध्यक्ष बनाये गए। 1913 में वे कानपुर में आगरा तथा अवध प्रांतीय सम्मेलन की उन्होंने अध्यक्षता की। 1919 तक कांग्रेस के हर अधिवेधन में वे जाते रहे। 1921 में वे इंडियन लेजिस्लेटिव असेंबली के पहले डिप्टी प्रेजिडेंट चुने गए। वे बिहार उड़ीसा लेजिस्लेटिव कौंसिल के अध्यक्ष भी बने।

लेकिन उन्हे इस बात की तकलीफ महसूस होती रही कि बिहार की कोई अस्मिता नहीं है। उन्हें अपने जीवन की घटनाओं में इसका तीव्र अहसास हुआ और वे व्यथित भी हुए। यही कारण है कि वे बिहार को अलग राज्य का दर्जा दिलाने की वे मांग करने लगे क्योंकि तब बिहार बंगाल और उड़ीसा एक संयुक्त प्रान्त होता था। उन्होंने अपने अखबार के जरिये बिहार प्रान्त के निर्माण के लिए आंदोलन ही छेड़ दिया। इस आंदोलन में उनके साथी महेश नारायण थे जो पत्रकार और कवि थे। हिंदी की पहली मुक्त छंद कविता “स्वप्न “महेश नारायण की ही लिखी थी।

डॉक्टर सिन्हा ने 1894 में ही ‘बिहार टाइम्स’ नामक अखबार निकाला और इस तरह बिहार निर्माण आंदोलन की नींव रखी गयी। दुर्भाग्यवश महेश नारायण की मृत्यु 1907 में अल्पायु में ही हो गयी लेकिन यह आंदोलन रुका नहीं और अली इमाम, हसन इमाम जैसे लोग इससे जुड़े और आंदोलन मजबूत हुआ।1905 में बंग भंग के बाद बिहार के निर्माण की गति तेज हुई। इम्पीरियल लेजिस्लेटिव कौंसिल में भी यह मांग तेज हई जिसका नतीजा यह निकला कि 1911 के दिल्ली दरबार मे 12 दिसम्बर को बिहार नामक राज्य की घोषणा हुई।

अगले वर्ष 22 मार्च 1912 को बिहार के गठन की अधिसूचना जारी हुई और उसी दिन अब हर साल बिहार दिवस मनाया जाता है, जिसकी घोषणा तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2009 में की। इस तरह डॉक्टर सिन्हा बिहारी अस्मिता के नायक बने और अपनी पत्रकारिता के जरिये बिहारी नवजागरण के भी अग्रदूत बने। एक सफल वकील एक संविधानविद, पुस्तक प्रेमी, पुस्तकालय प्रणेता और एक स्वत्रंता सेनानी के अलावा वे देश के बड़े पत्रकार और संपादक थे एवम मृत्यपर्यंत इस काम से जुड़े रहे।

डॉक्टर सिन्हा 1900 में जब कायस्थ पाठशाला के सचिव बने तो वे ‘कायस्थ समाचार’ के संपादक भी बनाये जो उत्तर प्रदेश का पहला मासिक पत्र था जिसे लोग देश के बाहर भी जानते थे।

बाद में यह ‘हिंदुस्तान रिव्यू’ के नाम से निकलने लगा और उनके संपादन में 18 साल तक निकला। कायस्थ पाठशाला ने बाद में एक हज़ार रुपए लेकर इस पत्रिका का स्वामित्व डॉक्टर सिन्हा को दे दिया।

1921 में जब वे बिहार उड़ीसा एक्जीक्यूटिव कौंसिल के सदस्य बने तो अखबार के संपादक नहीं रहे पर वह कोलकत्ता से निकलता रहा लेकिन जब वह एक्जीक्यूटिव कौंसिल के सदस्य नहीं रहे तब वे फिर इसके संपादक बने और मृत्युपर्यंत इसे निकालते रहे।

डॉक्टर सिन्हा की मेहमाननवाज़ी देश विदेश में मशहूर थी। ऐसा कोई बड़ा नेता और आदमी नहीं जिसने उनके साथ डिनर न किया हो। डॉक्टर सिन्हा एक प्रमुख शिक्षाविद भी रहे। 1936 में वे पटना यूनिवर्सिटी के कुलपति बने और इस पद पर चार बार रहे। 1937 और 1946 में वे पटना यूनिवर्सिटी कांस्टीट्यूएंसी से बिहार विधान सभा के सदस्य बने थे। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी इलाहाबाद यूनिवर्सिटी और बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से डीलिट की मानद उपाधियां भी मिलीं। वे अपने जीवन काल में ही किवदंती बन चुके थे। प्रख्यात लेखक नाटककार आईसीएस जगदीश चन्द्र माथुर के शब्दों में वे जन्मजात चक्रवर्ती थे।

सिन्हा साहब ने 1944 में “सम एमिनेंट बिहारी कन्टेमपरीरज” पुस्तक लिखी जिसमे दरभंगा महाराज लक्ष्मेश्वर सिंह, सर् गणेश दत्त, महेश नारायण, हसन इमाम, अली इमाम, मज़रुल हक, खुदा बक्श खान, गंगा नाथ झा, दीप नारायण सिंह, जस्टिस ज्वाला प्रसाद, काशी प्रसाद जयसवाल आदि पर संस्मरण लिखे। इसकी भूमिका अमरनाथ झा ने लिखी। 1934 में सीवाई चिंतामणि ने डॉक्टर सिन्हा के चुनिंदा लेखों और भाषणों का संचयन संपादित किया। राजेन्द्र बाबू ने भी एक लेख लिखा।

जब संविधान सभा का गठन हुआ तो उसके उद्घाटन बैठक को उन्होंने संबोधित किया और संविधान सभा के सबसे वरिष्ठ सदस्य होने के नाते वे पहले अंतरिम अध्यक्ष बनाये गए। उनके नाम का प्रस्ताव आचार्य कृपलानी ने किया था। 9, 10, 11 नवम्बर 1946 को सिन्हा साहब संविधान सभा में बोले फिर 12 नवम्बर को राजेन्द्र बाबू अध्यक्ष बने।

स्वास्थ ठीक नहीं रहने के कारण उनके हस्ताक्षर नहीं लिए जा सके क्योंकि वे पटना में बीमार पड़े थे, दिल्ली नहीं जा सके। 14 फरवरी की शाम पांच बजे उन्होंने संविधान के मसौदे पर हस्ताक्षर किए। पहला हस्ताक्षर जवाहरलाल नेहरू का था। सिन्हा साहब का हस्ताक्षर मूल संविधान की प्रति में स्थान पर देखा जा सकता है। छह मार्च 1950 को उन्होंने अंतिम सांस ली और अमर हो गए। उन्होंने समाज और देश को जितना दिया उसका प्रतिदान भारतीय समाज विशेषकर बिहार का समाज नहीं कर पाया।

उनके निधन के बाद प्रसिद्ध इतिहासकार केके दत्ता ने “सम एमीनेंट इंडियन कन्टेम्पररीज” पुस्तक डॉक्टर सिन्हा की जन्मशती पर निकाली। इसमें दादा भाई नौरोजी, फिरोज शाह मेहता, सुरेंद्र नाथ बनर्जी, रासबिहारी बोस, मोतीलाल नेहरू, मदन मोहन मालवीय, लाला लाजपत राय, गोपाल कृष्ण गोखले, टैगोर, सुभाषचन्द्र बोस, महात्मा गांधी आदि पर भी लेख हैं। सिन्हा साहब ने कश्मीर पर भी एक किताब लिखी थी।

जिस शख्स की जमीन पर बिहार विधान सभा बना, हवाई अड्डा बना, बिहार स्कूल परीक्षा समिति बनी, जिसने इतनी बड़ी लाइब्रेरी खड़ी की, इतने अखबार और पत्रिकाएं निकाली, समाज को आधुनिक बनाया और जो हिन्दू मुस्लिम सौहार्द का प्रतीक रहा वह कालांतर में इतिहास से ओझल होता गया और अफसोस की बात है कि पटना आरा या उनके गांव में उनकी स्मृति में कुछ नहीं किया गया।

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment