बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को क्या हो गया है? यह बिहार का सबसे बड़ा राजनीतिक सवाल है। उनकी सेहत ठीक नहीं है या वे बातें भूलने लगे हैं आदि की चर्चा काफी समय से चल रही है। सार्वजनिक जगहों पर उनके अजीबोगरीब व्यवहार को लेकर भी चर्चा चल रही है। अब इस बात की चर्चा है कि वे सबसे पैर छूते क्यों चल रहे हैं? रविवार, तीन नवंबर को चित्रगुप्त पूजा के कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने भाजपा के नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के पैर छू लिए। यह आरके सिन्हा के लिए भी हैरान करने वाला था। हालांकि मौके पर मौजूद राज्य सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने नीतीश को रोका लेकिन तब तक वे झुक गए थे।
सोचें, आरके सिन्हा उम्र में नीतीश कुमार से एक दो महीने छोटे हैं। वे कोई धार्मिक व्यक्तित्व भी नहीं हैं और न नीतीश कुमार के रिश्ते में बड़े लगते हैं। लेकिन नीतीश उनका पैर छूने चले गए थे। इसी समय कुछ समय पहले उन्होंने अपनी पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का पैर छू लिया था। एक दिन वे अपनी सरकार के मंत्री अशोक चौधरी का पैर छू रहे थे तो एक दिन एक सार्वजनिक कार्यक्रम में एक इंजीनियर का पैर छूने चले गए थे। लोकसभा चुनाव के बाद एनडीए की बैठक में सार्वजनिक रूप से नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पैर छू लिया था, जिस पर बिहार में काफी राजनीति हुई थी। आजकल जनता दल यू के नेता नीतीश के सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं करा रहे हैं लेकिन जिन थोड़ी सी जगहों पर वे जा रहे हैं वहां भी इसी तरह का कुछ न कुछ अजीब काम कर दे रहे हैं।
Image Source: ANI


