भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा सांसद दिलीप घोष को लेकर पार्टी में चिंता बढ़ गई है। पिछले दिनों 61 साल की उम्र में उन्होंने शादी की। भाजपा के लिए ही काम करने वाली एक पार्टी पदाधिकारी रिंकू मजूमदार से उन्होंने शादी की। वे अविवाहित थे। लेकिन राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ में विवाहित प्रचारक वगैरह भी रहे हैं इसलिए उनके शादी करने पर कोई ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं हुई। लेकिन पिछले दिनों वे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिले।
एक समय पश्चिम बंगाल में दिलीप घोष भाजपा का चेहरा थे और ममता विरोध का चेहरा भी होते थे। लेकिन अब उन्होंने ममता के प्रति सद्भाव दिखाया है। तभी उनके ममता बनर्जी की पार्टी में शामिल होने की चर्चा भी है। कहा जा रहा है कि वे भाजपा और लोकसभा सीट से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके लिए सही समय का इंतजार किया जा रहा है।
दिलीप घोष की शादी और भाजपा में चिंता
ममता बनर्जी ने पिछले दिनों दीघा में जगन्नाथ मंदिर का उद्घाटन किया तो दिलीप घोष वहां पूजा करने पहुंचे। उनसे ममता बनर्जी के प्रति सद्भाव दिखाने के बारे में पूछा गया तो वे भड़क गए और बाहर से आए नेताओं पर हमला किया। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन माना जा रहा है कि उनका इशारा तृणमूल कांग्रेस से आए सुवेंदु अधिकारी की ओर था, जिनको पार्टी ने विधायक दल का नेता बनाया है।
उन्होंने दावा किया उनके अध्यक्ष रहते पार्टी बढ़ी, जबकि बाहर से आए लोगों के नेतृत्व में पार्टी का असर कम हो रहा है। वे इस बात से भी नाराज बताए जा रहे हैं कि सीनियर होने के बावजूद उनकी अनदेखी की गई और सुकांत मजूमदार को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया गया।
Also Read: राहुल को हिंदू धर्म से निकाला
Pic Credit: ANI