बिहार में दो राज्यसभा सांसद लोकसभा का चुनाव लड़े थे और दोनों जीत गए हैं। अब इन दोनों सीटों पर उपचुनाव होगा। एक सीट तो भाजपा की है, जो स्वाभाविक रूप से भाजपा के खाते में जाएगी। लेकिन दूसरी सीट राष्ट्रीय जनता दल की और माना जा रहा है कि वह सीट जनता दल यू के खाते में जा सकती है। भाजपा के राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर नवादा लोकसभा सीट से चुनाव लड़े थे और जीत गए हैं। इसी तरह राजद की राज्यसभा सांसद मीसा भारती पाटलिपुत्र सीट से लड़ी थीं और वे भी चुनाव जीत गई हैं। अब सवाल है कि अगर यह सीट जदयू को मिलती है तो कौन राज्यसभा में जाएगा?
क्या इस बार पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी को फिर से मौका मिल सकता है? पिछली बार वे जब राज्यसभा में गए थे तब वह सीट उपेंद्र कुशवाहा के इस्तीफे से खाली हुई थी। उस राज्यसभा का कार्यकाल खत्म होने के बाद पिछले करीब 10 साल से केसी त्यागी इंतजार कर रहे हैं। पिछली बार मौका बना था तो नीतीश कुमार ने अनिल हेगड़े को भेज दिया। इस बार नीतीश कुमार के दिल्ली में भाजपा की सरकार में शामिल होकर दिल्ली की राजनीति भी करनी है। सो, केसी त्यागी को मौका मिल सकता है। अगर वे राज्यसभा में गए तो केंद्र में मंत्री भी बन सकते हैं? भाजपा कोटे की सीट किसको जाएगी यह पार्टी आलाकमान को तय करना है। लेकिन कहा जा रहा है कि सुशील मोदी के परिवार से किसी को मौका मिल सकता है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही सुशील मोदी का देहांत हुआ है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


