प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी सभाओं में जब अपनी पार्टी के वादों की घोषणा करते हैं तो बार बार कहते हैं कि, ‘मोदी की गारंटी का मतलब है गारंटी पूरी होने की गारंटी’। महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव में पिछले साल भाजपा ने गारंटी दी थी कि उसकी सरकार बनेगी तो वह लड़की बहिन योजना का पैसा बढ़ाएगी।
भाजपा ने गारंटी दी थी लड़की बहिन योजना का पैसा डेढ़ हजार रुपए प्रति महीना से बढ़ा कर 21 सौ रुपए कर दिया जाएगा। लेकिन सरकार बने हुए आठ महीने हो गए हैं और अब सरकार ने साफ कर दिया है कि इस योजना में मिलने वाला पैसा नहीं बढ़ाया जाएगा।
लड़की बहिन योजना पर सवाल
राज्य सरकार के मंत्री और एकनाथ शिंदे की पार्टी के नेता संजय शिरसाट ने कहा है कि सरकार लड़की बहिन योजना का पैसा डेढ़ हजार से बढ़ा कर 21 सौ रुपए नहीं करने जा रही है। इससे पहले राज्य के उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री अजित पवार ने भी इसका संकेत दिया था। उन्होंने चालू वित्त वर्ष का बजट पेश किया तो उसमें पुरानी योजना के हिसाब से पैसे आवंटित किए। ऊपर से सरकार अब कोई न कोई शर्त लगा कर इसके लाभार्थियों की संख्या घटा रही है।
अगर सरकार लड़की बहिन योजना का पैसा नहीं बढ़ाती है तो यह हाल के दिनों की सबसे बड़ी और प्रत्यक्ष वादाखिलाफी होगी। भाजपा ने बिना किसी अगर मगर के मानदेय 21 सौ रुपए करने का ऐलान किया था। महाराष्ट्र के साथ ही झारखंड सरकार ने मइया सम्मान योजना के 11 सौ रुपए के मानदेय को बढ़ा कर ढाई हजार करने का वादा किया था और सरकार बनते ही वादा पूरा कर दिया।
Also Read: विपक्ष का बदला बदला रवैया
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



