Maharshtra New CM: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 10 दिन होने जा रहे हैं और मुख्यमंत्री का सस्पेंस खत्म नहीं हो रहा है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम का फैसला हो सकता है। जानकार सूत्रों के मुताबिक भाजपा के नेता देवेंद्र फड़नवीस के नाम पर सहमति बनी है।
कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि सोमवार यानी दो दिसंबर को मुख्यमंत्री का नाम तय होगा।
हालांकि यह भी खबर आ रही है कि भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में मंगलवार, तीन दिसंबर को विधायक दल की बैठक होगी और उसी दिन विधायक दल का नेता चुना जाएगा।
also read: मप्र की वर्तमान परिस्थितियों में प्रदेश में नहीं आएगा निवेश: कमलनाथ
शपथ ग्रहण पांच दिसंबर मुंबई में
इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शनिवार को कहा था कि महाराष्ट्र की नई सरकार का शपथ ग्रहण पांच दिसंबर की शाम को मुंबई के आजाद मैदान में होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शपथ समारोह में शामिल होंगे। यह पहली बार हो रहा है कि शपथ ग्रहण की तारीख, समय, स्थान और अतिथि तय हो गए हैं, लेकिन यह तय नहीं हो पाया है कि शपथ किसको लेनी है
परंतु रविवार की शाम को खबर आई कि सोमवार को भाजपा की बैठक हो सकती है और नेता का नाम तय हो सकता है।
बहरहाल, राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दो दिन से अपने पैतृक गांव सातारा में थे। शनिवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद मुंबई से डॉक्टर भेजे गए थे।
अब वे ठीक हैं। रविवार को शिंदे सातारा के एक मंदिर में गए और कुछ देर बाद मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा- मैं अब ठीक हूं।
व्यस्त चुनावी कार्यक्रम के बाद मैं यहां आराम करने आया था। महायुति में कोई मतभेद नहीं है। बाद में शाम को वे मुंबई लौट गए।
सीएम पर फैसला PM करेंगे
एकनाथ शिंदे ने कहा- सीएम पर फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह करेंगे। दो दिसंबर को महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री तय होगा।
हालांकि अपनी पार्टी की ओर से गृह मंत्रालय की मांग के सवाल पर वे चुप रहे। गौरतलब है कि शिंदे की पार्टी उप मुख्यमंत्री पद पर राजी हो गई है लेकिन गृह मंत्रालय की मांग कर रही है।
शिंदे की पार्टी का कहना है कि जब वे मुख्यमंत्री थे तो गृह मंत्रालय भाजपा के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के पास था।
सो, अब अगर भाजपा का सीएम बनता है तो गृह मंत्रालय उनकी पार्टी को मिलना चाहिए। इस मसले पर गतिरोध बना हुआ है।
दूसरी ओर भाजपा के जानकार सूत्रों का कहना है कि तीन दिसंबर को भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। दिल्ली से दो पर्यवेक्षक मुंबई आएंगे और विधायकों से चर्चा के बाद आधिकारिक रूप से मुख्यमंत्री की घोषणा करेंगे।
भाजपा की दोनों सहयोगी पार्टियों, शिव सेना और एनसीपी ने मान लिया है कि मुख्यमंत्री भाजपा का होगा। दोनों पार्टियां उप मुख्यमंत्री पद पर सहमत हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

