हमारे जातिवादी नेताओं को अपनी संकीर्ण प्रवृत्ति छोड़कर डॉ अम्बेडकर की मानवतावादी दृष्टि को अपनाना चाहिए। यही उन की सच्ची विरासत है। जिस में संपूर्ण हिन्दू समाज और विवेकशील मुस्लिम भी भागीदार हो सकते हैं। डॉ. अम्बेडकर की पुस्तक ‘पाकिस्तान या भारत का विभाजन’ (1940) में इस्लामी मतवाद के सिद्धांतों की आलोचना के बावजूद मुस्लिम नेताओं ने उस का आदर किया था। क्योंकि डॉ. अम्बेडकर की भावना सच्ची थी।
सोशल मीडिया पर मोदी-राज के जातिवादी कामों पर ‘भीम’ का बिल्ला नाहक लग रहा है। मोदी के सामान्य-वर्गीय निन्दक उन के जातिगत रुख को, तथा नव-बौद्ध राजनीतिक लेखकों की ऊल-जुलूल को भी डॉ. भीमराव अम्बेडकर से जोड़ कर देखते हैं। पर यह अन्याय है। डॉ. अम्बेडकर कोई जातिवादी या हिन्दू-विरोधी नहीं थे।
इस में तीन बिन्दु ध्यातव्य हैं। एक तो आज के नव-बौद्धों द्वारा प्राचीन बुद्ध धर्म पर आधुनिक विचार आरोपित करना। वे डॉ. अम्बेडकर की पुस्तक ‘बुद्ध और उन का धर्म’ की भी मनमानी व्याख्या करते हैं। अपने बनाए सीमित अर्थ को पीछे तक ले जाते हैं, मानो ऐतिहासिक बुद्ध धर्म में आज वाले राजनीतिक विचार थे। वास्तविक तथ्य इस के बिलकुल विपरीत हैं।
गौतम बुद्ध के जीवन-कार्य संबधी सभी प्राथमिक स्रोत दर्शाते हैं कि बुद्ध पूरी तरह पारंपरिक सामाजिक संरचनाओं और कुलीन-तंत्रीय संदर्भों के अंतर्गत काम करते रहे। उन्होंने किसी प्रकार का जाति-विरोधी, समाज-सुधारवादी, या राजनीतिक अभियान कभी नहीं चलाया। बल्कि समय-समय पर, विविध प्रसंगों में अपने अनुयायियों को दो-टूक सलाह दी कि सभी सामाजिक, पारिवारिक मामलों में स्थापित जातीय रीतियों के अनुकूल चलना ही उचित है।
इसीलिए, जिन अम्बेडकरवादियों ने भी बुद्ध की शिक्षाओं का सचमुच अध्ययन किया है, वे हिन्दू धर्म के प्रति सहानुभूति रखते हैं। क्योंकि बुद्ध धर्म की बुनियादी चेतना आध्यात्मिक थी। वह किसी समाजिक परिवर्तन, आदि नहीं, बल्कि तमाम जाति, संप्रदाय, क्षेत्र, आदि भूलकर आध्यात्मिक चेतना के विकास की शिक्षा देती है। जबकि आज के राजनीतिक जातिवादी बुद्ध धर्म को हिन्दू-विरोधी प्रतिक्रिया बताते हैं। पर मूल बुद्ध वचनों से ऐसी कोई बात नहीं मिलती।
इसीलिए स्वयं डॉ. अम्बेडकर द्वारा की गई बौद्ध-धर्म की कुछ वैसी व्याख्याएं भी कुल मिलाकर निष्फल रहीं। आज महाराष्ट्र और उत्तर भारत के भी लाखों घरों में भगवान बुद्ध और डॉ. अम्बेडकर की तस्वीरों के साथ-साथ शिव, गणेश, दुर्गा, सरस्वती की तस्वीरें भी शोभती नजर आती हैं।
दूसरा बिन्दु गत शताब्दी के आरंभ में प्रचलित आर्य-आक्रमण सिद्धांत से संबंधित है। डॉ. अम्बेडकर ने यूरोपीय और अनेक भारतीय विद्वानों में भी प्रचलित आर्य-आक्रमण की नस्ली व्याख्या को खारिज किया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि यहाँ ब्राह्मणों और दलितों के बीच कभी कोई नस्ली भिन्नता न थी – दोनों एक नस्ल के हैं। किन्तु आज के अम्बेडकरवादी आर्य-आक्रमण सिद्धान्त वाला यहाँ आर्य-अनार्य का नस्ली भेद मानते हैं। यह डॉ. अम्बेडकर के विचारों के विरुद्ध है।
तीसरे, इस्लाम के संबंध में भी वर्तमान अम्बेडकरवादी अपने घोषित महापुरुष के विपरीत जाते हैं। डॉ. अम्बेडकर का दृष्टिकोण इस्लामी मतवाद और उस की विभाजक राजनीति के प्रति आलोचनात्मक था। पर अम्बेडकरवादी इस बिन्दु पर भी डॉ. अम्बेडकर के दो-टूक आकलनों की पूरी अनदेखी करते हैं।
यह तीनों बिन्दु उदाहरण हैं। आज अधिकांश जातिवादी नेता जो सामाजिक राजनीतिक रुख रखते हें, उसे डॉ. अम्बेडकर ने साफ ठुकराया होता। यह उन के लेखन और कार्य, दोनों से झलकता है।
डॉ. अम्बेडकर छिछोरे नेता नहीं थे। सत्ता या निजी लाभ के लिए उन्होंने कभी रंग नहीं बदला। न उलटे-सीधे नाटकीय काम किए। कुर्सी के लिए इस पार्टी या उस नेता का पल्ला नहीं पकड़ा। साथ ही, अपनी विचार-स्वतंत्रता के साथ, देश-समाज के हित में, किसी के साथ सहयोग करने में भी संकोच नहीं किया। उन में कोई मतवादी कट्टरता नहीं थी। यह उन का लेखन भी दिखाता है। किसी बात का प्रमाण पूछे जाने पर डॉ. अम्बेडकर भागते या नाराज नहीं होते थे। सहज उत्तर देते थे। इस गुण का महत्व आज के नेताओं की लफ्फाजी से मिलान कर समझा जा सकता है।
उन के लेखन में तथ्य या व्याख्या की कुछ भूलें अवश्य मिलती है, पर वह अध्ययन और उस समय तक उपलब्ध जानकारी की सीमाओं के कारण हैं। डॉ. अम्बेडकर ने जानते-बूझते मनगढ़ंत बातें नहीं कही। उन के लेखन-भाषण में सत्यनिष्ठा झलकती है, कोई आडंबर, उपदेशात्मकता, या विद्वेष नहीं। इस बिन्दु पर महात्मा गाँधी भी अम्बेडकर से बहुत नीचे हैं।
यह सच है कि हिन्दू धर्म से डॉ. अम्बेडकर को वितृष्णा थी। किन्तु उन्होंने इस्लाम को कदापि बेहतर नहीं कहा था, बल्कि भारतीय लोगों को इस्लाम और क्रिश्चियन चर्च से दूर रहने की सलाह दी थी। यह उन्होंने 1956 ई. में अपने धर्म-परिवर्तन के संदर्भ में सार्वजनिक रूप से कहा था। पहले भी, वे कहते रहे थे कि हिन्दुओं में अपनी धर्म-परंपरा की कुरीतियाँ मानने और उन्हें दूर करने की कोशिश करने वाले लोग भी हैं; जबकि मुसलमान मानते ही नहीं कि उन के धर्म में कोई कुरीति है, फलतः सुधार भी नहीं करते।
इसीलिए बौद्ध धर्म की दीक्षा लेते हुए डॉ. अम्बेडकर ने एक सारगर्भित संदेश दिया था। उन के शब्दों में: “बौद्ध धर्म भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है, और इसलिए मेरा धर्मांतरण भारतीय संस्कृति और इतिहास को क्षति न पहुँचाए, इस की मैंने सावधानी रखी है।” यह बड़ी गहरी बात थी, जिस का मूल्य समझना चाहिए।
उक्त कथन में डॉ. अम्बेडकर ने लगभग स्पष्ट कहा कि क्रिश्चियनिटी या इस्लाम में धर्मांतरण भारतीय संस्कृति और इतिहास को चोट पहुँचाता है। यह डॉ. अम्बेडकर की एक चेतावनी और मूल्यवान संदेश भी है, जिसे आज संघ-भाजपा के जातिवादी नेता समेत तमाम जातिवादी उपेक्षित करते हैं।
इसीलिए जब डॉ. अम्बेडकर ने बौद्ध धर्म की दीक्षा ली, तो क्रिश्चियन मिशनरियों और इस्लामी तबलीगियों को बड़ी निराशा हुई! वे लंबे समय से उन्हें अपने-अपने रिलीजन में ले आने का प्रयत्न कर रहे थे। उन की निराशा इस दृष्टि से और गहरी थी क्योंकि डॉ. अम्बेडकर ने क्रिश्चियनिटी और इस्लाम का नाम लेकर उसे मनुष्य को बंधन में डालने वाला, ‘गले में पट्टा’ पहचान लगाने वाला, विवेक-विरोधी, इसलिए अनुपयुक्त बताया था। उन्होंने साफ कहा था कि भारतवासियों को किसी विदेशी धर्म की जरूरत नहीं।
अतः मिशनरियों और तबलीगियों, दोनों ने महसूस किया कि डॉ. अम्बेडकर ने मूलतः हिन्दू धर्म को नहीं छोड़ा। बल्कि उसी के एक संप्रदाय को त्याग कर अन्य संप्रदाय को स्वीकार कर लिया। इस प्रकार, डॉ अम्बेडकर मूलतः हिन्दू समाज के अंग बने रहे। यह समाज भी डॉ. अम्बेडकर की नाराजगी को सहानुभूति से समझता था। तभी उस ने भी डॉ. अम्बेडकर द्वारा हिन्दू धर्म ‘छोड़ने’ के विरुद्ध कोई प्रतिक्रिया नहीं की।
फिर, डॉ. अम्बेडकर एक विद्वान थे, जिन का लोहा सभी मानते थे। आज के जातिवादी नेता उन के पासंग भी नहीं हैं। संविधान सभा में अम्बेडकर का एक प्रमुख स्थान उन की योग्यता के कारण था। किसी जाति-धौंस के कारण नहीं। जबकि आज के जातिवादी नेता अपनी जाति को ही अपनी मूल योग्यता माने बैठे हैं! भाजपा नेता भी अपने को ‘अति-पिछड़ा’, ‘गरीब घर’ की पैदाइश, आदि कहकर सहानुभूति बटोरने का धंधा करते हैं। डॉ. अम्बेडकर को अपने समय के ऐसे स्वार्थी, अहंकारी नेताओं से घृणा थी।
उन के लेखन, भाषण में एक उदार दृष्टिकोण मिलता है। जिस में कोई जातिवाद नहीं है। राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर लिखते-बोलते हुए वे जाति-अनुभव वाली कटुता से बहुत ऊपर उठे विचारक के रूप में दिखते हैं। इन सभी कारणों से आम तौर पर हिन्दुओं में डॉ. अम्बेडकर के प्रति सदैव आदर भाव रहा। जिसे आज के जातिवादी नेताओं की नीचता के कारण नाहक चोट पहुँच रही है!
हमारे जातिवादी नेताओं को अपनी संकीर्ण प्रवृत्ति छोड़कर डॉ अम्बेडकर की मानवतावादी दृष्टि को अपनाना चाहिए। यही उन की सच्ची विरासत है। जिस में संपूर्ण हिन्दू समाज और विवेकशील मुस्लिम भी भागीदार हो सकते हैं। डॉ. अम्बेडकर की पुस्तक ‘पाकिस्तान या भारत का विभाजन’ (1940) में इस्लामी मतवाद के सिद्धांतों की आलोचना के बावजूद मुस्लिम नेताओं ने उस का आदर किया था। क्योंकि डॉ. अम्बेडकर की भावना सच्ची थी।
इसलिए, आज भी डॉ. अम्बेडकर को केवल दलित नेता वाले संकीर्ण खाने से उठाकर राष्ट्रीय नेता और विचारक के रूप में देखना अधिक उपयुक्त है। तदनुसार चालू भाजपा नेताओं को भी अपनी दृष्टि सुधारनी चाहिए, जो डॉ. अम्बेडकर की केवल जातिगत मूर्तियाँ बना रहे हैं। यह डॉ अम्बेडकर को छोटा बनाकर अपने को बड़ा दिखाने की लज्जाजनक कोशिश है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



