राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर कांग्रेस दिल्ली में न्याय यात्रा निकालने वाली है। दो चरणों में यह यात्रा एक महीने चलेगी। आठ नवंबर को इसकी शुरुआत होगी। असल में इस यात्रा का मकसद पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव का नेतृत्व स्थापित करना है। वे अभी तक दिल्ली की राजनीति में बहुत सक्रिय नेता नहीं रहे हैं। लेकिन गांधी परिवार से उनकी करीबी रही है और सक्षम नेता हैं। इसलिए वे अध्यक्ष बनने के बाद से लगातार कोई न कोई कार्यक्रम चला रहे हैं। जैसे कुछ दिन पहले उन्होंने सातों लोकसभा क्षेत्रों में वैन चलवाई थी, जिसमें खाली कुर्सी रखी होती थी। उस पर किसी आम आदमी को बैठा कर उससे पूछा जाता था कि वह दिल्ली में क्या काम कराना चाहता है।
हालांकि उस कार्यक्रम को ज्यादा सफलता नहीं मिली। अब देवेंद्र यादव ने न्याय यात्रा निकालने का ऐलान किया है। कहा जा रहा है कि इसमें राहुल गांधी भी शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस के एक जानकार नेता के मुताबिक तीन महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नए समीकरण के साथ उतरना चाहती है। वह मुस्लिम और ओबीसी वोट पर फोकस कर रही है, जिसमें अपने आप प्रवासियों का बड़ा वोट शामिल हो जाता है। इसके अलावा इस यात्रा के जरिए पार्टी के अंदर की गुटबाजी को खत्म करके देवेंद्र यादव को एकछत्र नेता के तौर पर स्थापित करना भी मकसद है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

