राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

मोहब्बत की उम्र: ‘पारिवारिक मनुरंजन’

‘पारिवारिक मनुरंजन’ इसी दिलचस्प सामाजिक मनोविज्ञान को एक रोमांटिक कॉमेडी के रूप में सामने लाती है। फ़िल्म का विचार प्यारा है। इसकी दुनिया परिचित है और इसके किरदारों में हमें अपने आसपास के कई चेहरे दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, एक अच्छे विचार और एक यादगार फ़िल्म के बीच जो फ़ासला होता है, उसे तय करने के लिए केवल अच्छी नीयत काफ़ी नहीं होती। अच्छी पटकथा भी चाहिए।

सिने-सोहबत

हमारे समाज में शादी की उम्र होती है, बच्चे पैदा करने की उम्र होती है, रिटायर होने की उम्र होती है, यहां तक कि किसी के घर आने-जाने की भी एक सामाजिक उम्र निर्धारित कर दी गई है। बस मोहब्बत की उम्र तय करने का अधिकार अभी तक किसी सरकारी विभाग को नहीं मिला है। वरना यक़ीन मानिए, हमारे यहां इस पर भी कोई न कोई नियमावली ज़रूर बन चुकी होती!

ख़ासकर अगर कोई अधेड़ उम्र का आदमी, जिसने अपनी जवानी परिवार की ज़िम्मेदारियां उठाने में गुज़ार दी हो, अचानक अपने लिए मोहब्बत का एक दरवाज़ा खोलने की कोशिश करे, तो मोहल्ले की नींद उड़ना लाज़िमी है। आख़िर दूसरों की ज़िंदगी में दिलचस्पी लेना भी तो हमारे सामाजिक जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा है!

वरुण वी शर्मा निर्देशित ‘पारिवारिक मनुरंजन’ इसी दिलचस्प सामाजिक मनोविज्ञान को एक रोमांटिक कॉमेडी के रूप में सामने लाती है। फ़िल्म का विचार प्यारा है। इसकी दुनिया परिचित है और इसके किरदारों में हमें अपने आसपास के कई चेहरे दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, एक अच्छे विचार और एक यादगार फ़िल्म के बीच जो फ़ासला होता है, उसे तय करने के लिए केवल अच्छी नीयत काफ़ी नहीं होती। अच्छी पटकथा भी चाहिए।

फ़िल्म के केंद्र में हैं रंजन दुबे (पंकज त्रिपाठी), लखनऊ में बिजली विभाग में काम करने वाले एक सरकारी मुलाज़िम। अपनी तीन बहनों की शादी कराने और पारिवारिक ज़िम्मेदारियों का निर्वहन करने में उन्होंने अपनी ज़िंदगी का एक बड़ा हिस्सा ख़र्च कर दिया है। उनके हिस्से में एक बड़ा पुश्तैनी मकान तो आया है, लेकिन उस मकान में अपनी ख़ुशियां बसाने का वक़्त शायद कभी आया ही नहीं।

यह हमारे मध्यवर्गीय समाज का एक जाना-पहचाना चरित्र है। घर का वह बेटा, जो सबकी ज़रूरतों का ख़्याल रखता है, लेकिन अपनी ज़रूरतों को हमेशा अगले महीने, अगले साल या अगले जन्म तक टालता रहता है। बहनों की शादी, माता-पिता की देखभाल, रिश्तेदारों की उम्मीदें और समाज की इज़्ज़त बचाते-बचाते कभी-कभी आदमी अपनी ही ज़िंदगी का मेहमान बन कर रह जाता है।

रंजन भी कुछ ऐसे ही हैं। उनके पास घर है, नौकरी है, सामाजिक प्रतिष्ठा है, लेकिन एक साथी की कमी है। और यह कमी केवल चाय के वक़्त किसी के साथ बैठने की नहीं, बल्कि दिन भर की छोटी-बड़ी बातों को किसी अपने से साझा करने की है। उनकी ज़िंदगी में हेलन (अदिति राव हैदरी) का प्रवेश इसी ख़ालीपन को भरने की एक सम्भावना लेकर आता है। घर की देखभाल के सिलसिले में शुरू हुआ यह परिचय धीरे-धीरे एक भावनात्मक रिश्ते की दिशा में बढ़ता है। लेकिन हमारे यहां दो लोगों के बीच रिश्ता बनने से पहले चार लोगों की राय बन जाती है। और अगर मामला मोहल्ले का हो, तो राय बनाने वालों की संख्या की कोई सीमा नहीं!

फ़िल्म का हास्य इसी सामाजिक दख़लंदाज़ी से पैदा होता है। रंजन और हेलन के बीच बढ़ती नज़दीकियों को लेकर पड़ोसियों और परिचितों की उत्सुकता देखते ही बनती है। किसी के घर में क्या पक रहा है, इससे ज़्यादा दिलचस्प यह हो जाता है कि उस घर में कौन आ रहा है और कौन जा रहा है। हमारे मोहल्लों में सीसीटीवी कैमरे लगने से पहले भी निगरानी की एक बेहद मज़बूत व्यवस्था मौजूद रही है। इसे पड़ोसी व्यवस्था कहा जा सकता है। इसकी ख़ासियत यह है कि इसमें कोई तकनीकी ख़र्च नहीं आता और सूचना का आदान-प्रदान बिना किसी इंटरनेट कनेक्शन के होता रहता है!

सुनीता राजवर का किरदार इसी मानसिकता का मज़ेदार प्रतिनिधित्व करता है। बृजेंद्र काला भी अपने परिचित अंदाज़ में रंजन के दोस्त राजाराम के रूप में मनोरंजन करते हैं। उनकी बातचीत में वह देसी हास्य है, जो किसी बड़ी पंचलाइन का मोहताज नहीं होता। मुकेश तिवारी और अन्य सहायक कलाकार भी फ़िल्म की दुनिया को विस्तार देते हैं।

हालांकि, फ़िल्म इस हास्य को कई बार दोहराने लगती है। जिस सामाजिक परिस्थिति में बहुत कुछ कहने और दिखाने की सम्भावना थी, वहां पटकथा कुछ परिचित कॉमेडी ट्रिक्स पर निर्भर दिखाई देती है।

पंकज त्रिपाठी की अदाकारी इस फ़िल्म का सबसे मज़बूत पक्ष है। वह रंजन दुबे को किसी फ़िल्मी नायक की तरह पेश नहीं करते। उनके किरदार में न रोमांस का दिखावटी आत्मविश्वास है, न प्रेम में पड़ने के बाद अचानक जवान हो जाने वाली फ़िल्मी हरकतें। वह एक सामान्य आदमी हैं, जो उम्र के इस पड़ाव पर अपने भीतर की कुछ पुरानी इच्छाओं को फिर से आवाज़ देने की कोशिश कर रहा है। पंकज की सबसे बड़ी ख़ूबी यही है कि वह साधारणता को भी असाधारण बना देते हैं। उनके चेहरे पर आने वाली हल्की सी मुस्कान, किसी बात पर अचानक चुप हो जाना और संवादों के बीच का ठहराव उनके अभिनय को विश्वसनीय बनाता है।

पंकज त्रिपाठी जानते हैं कि हास्य हमेशा हंसाने से पैदा नहीं होता। कई बार किसी किरदार की बेचारगी, उसकी झिझक और उसकी मासूमियत ही दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान ले आती है। उनके अभिनय में एक ऐसा देसीपन है जो किसी छोटे शहर के सरकारी दफ़्तर से लेकर बड़े शहर के ड्रॉइंग रूम तक समान रूप से पहचाना जा सकता है। रंजन के भीतर का अकेलापन भी इसी सहजता से उभरता है।

अदिति राव हैदरी हेलन के किरदार में आकर्षक लगती हैं। उनकी नज़ाकत और सहज स्क्रीन प्रेज़ेंस फ़िल्म के रोमांटिक पक्ष को एक ख़ूबसूरत रंग देती है। पंकज त्रिपाठी के साथ उनकी केमिस्ट्री के कुछ पल भी अच्छे बन पड़े हैं। लेकिन हेलन को केवल एक आकर्षक, कुशल और रहस्यमयी महिला बनाकर छोड़ देना इस किरदार के साथ थोड़ा अन्याय है। उनके अपने सपने, संघर्ष, इच्छाएं और जीवन-दर्शन भी कहानी का हिस्सा बन सकते थे। किसी महिला का व्यक्तित्व केवल इस बात से नहीं बनता कि वह किसी पुरुष के घर को कितनी ख़ूबसूरती से संभाल सकती है।

फ़िल्म देखते हुए एक सवाल बार-बार मन में आता है। क्या हमारे समाज में किसी पुरुष को अपने जीवन के उत्तरार्ध में प्रेम करने का अधिकार सहजता से मिलता है? और क्या किसी महिला को अपने जीवन के फ़ैसले ख़ुद लेने की उतनी ही स्वतंत्रता हासिल है?

हमारे यहां परिवार की परिभाषा अक्सर इतनी विस्तृत हो जाती है कि उसमें व्यक्ति की अपनी इच्छाओं के लिए जगह कम पड़ जाती है। परिवार के लिए त्याग करने वाले इंसान को आदर्श कहा जाता है, लेकिन कभी-कभी यही आदर्श उसके व्यक्तिगत जीवन की सबसे बड़ी बाधा बन जाता है।

रंजन की कहानी इस लिहाज़ से एक महत्त्वपूर्ण सवाल उठाती है। जिस आदमी ने अपनी बहनों के घर बसाने में अपनी उम्र लगा दी, क्या उसे अब अपना घर बसाने का हक़ नहीं है?

इसी तरह हेलन को भी किसी की ज़िंदगी में केवल सुविधा बनकर नहीं, बल्कि एक स्वतंत्र व्यक्ति के रूप में स्वीकार किया जाना चाहिए। प्रेम का अर्थ किसी की दिनचर्या को व्यवस्थित कर देना नहीं है। प्रेम तो शायद वह जगह है, जहां दो लोग एक-दूसरे की अव्यवस्थितियों को भी अपनाने का साहस रखते हैं।

अफ़सोस कि फ़िल्म इन सवालों को पूरी गहराई से नहीं टटोलती। उसके पास एक अच्छी सामाजिक और भावनात्मक कहानी बनने की सम्भावना थी, लेकिन वह कई बार सुरक्षित पारिवारिक मनोरंजन की सीमा में लौट आती है।

लखनऊ इस फ़िल्म की कहानी के लिए एक दिलचस्प पृष्ठभूमि है। यह ऐसा शहर है, जहां मोहब्बत में भी अदब है और नाराज़गी में भी नज़ाकत। यहां किसी से शिकायत करने का भी अपना एक सलीक़ा है।

निर्देशक ने शहर के पुराने मकान, मोहल्ले और घरेलू परिवेश के ज़रिए कहानी को एक परिचित माहौल देने की कोशिश की है। लेकिन लखनऊ की सांस्कृतिक आत्मा का और बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता था। उसकी ज़ुबान, खानपान, संगीत, अदबी मिज़ाज और सामाजिक बुनावट कहानी को कहीं अधिक दिलचस्प बना सकते थे।

पटकथा की एक और सीमा यह है कि कहानी आगे बढ़ने के साथ कई घटनाएं अनुमानित होने लगती हैं। रंजन और हेलन के रिश्ते को पर्याप्त भावनात्मक विस्तार नहीं मिलता। रहस्य और रोमांस के बीच संतुलन बनाने की कोशिश भी पूरी तरह सफल नहीं हो पाती।

संगीत में ‘छाप तिलक’ जैसे परिचित गीत का इस्तेमाल एक सांस्कृतिक आकर्षण तो पैदा करता है, लेकिन कहानी के भावनात्मक संसार में कोई बहुत नया आयाम नहीं जोड़ता।

‘पारिवारिक मनुरंजन’ की सबसे अच्छी बात उसका मूल विचार है। यह याद दिलाती है कि जीवन का कोई भी पड़ाव ख़ुशियों की तलाश के लिए आख़िरी पड़ाव नहीं होता। आदमी साठ की उम्र में भी प्रेम कर सकता है, पचास की उम्र में भी नई शुरुआत कर सकता है और चालीस के बाद भी अपने भीतर छूट गए सपनों को आवाज़ दे सकता है। रंजन दुबे जैसे लोग हमारे आसपास बहुत हैं। वे अपनी पूरी उम्र दूसरों के लिए जीते हैं और जब कभी अपने लिए कुछ मांगने की हिम्मत जुटाते हैं, तो समाज उन्हें कटघरे में खड़ा कर देता है।

शायद इस फ़िल्म का सबसे बड़ा संदेश यही है कि ज़िंदगी में परिवार ज़रूरी है, लेकिन परिवार के भीतर रहने वाले व्यक्ति की अपनी ज़िंदगी भी उतनी ही ज़रूरी है। आख़िरकार, मकान को घर बनाने के लिए सिर्फ़ दीवारें, दरवाज़े और छत काफ़ी नहीं होते। कभी-कभी एक कप चाय के साथ बैठकर हाल पूछने वाला कोई अपना भी चाहिए होता है।

और हां, अगर मोहब्बत करने की उम्र निकल गई होती, तो दुनिया की आधी आबादी आज भी अपने पुराने प्रेमपत्र संभालकर नहीं रखती!

एक प्यारे विचार वाली हल्की-फुल्की रोमांटिक कॉमेडी, जिसे पंकज त्रिपाठी की सहज अदाकारी देखने लायक बनाती है। पटकथा थोड़ी और गहरी होती, तो यह सिर्फ़ पारिवारिक मनोरंजन नहीं, बल्कि उम्र, अकेलेपन और मोहब्बत पर एक यादगार सोहबत बन सकती थी।

सोनी लिव पर है। देख लीजिएगा। (पंकज दुबे पॉप कल्चर क़िस्सागो, उपन्यासकार और यूट्यूब चैट शो ‘स्मॉल टाउन्स बिग स्टोरीज़” के होस्ट हैं।)

Leave a comment