भारत में सट्टेबाजी पर रोक है लेकिन अमेरिका सहित कई देशों में इसकी इजाजत है। वहां क्रिकेट से लेकर राजनीति तक हर चीज पर कानूनी रूप से सट्टा लगता है। भारत में चल रहे पांच राज्यों के चुनाव पर वहां एक प्लेटफॉर्म पर ढाई सौ करोड़ रुपए का सट्टा लगा हुआ है। अमेरिका के प्रेडिक्शन मार्केट में एक प्लेटफॉर्म है पॉलीमार्केट यानी पॉलिटिक्स का मार्केट। इस प्लेटफॉर्म पर 26 मिलियन डॉलर यानी करीब 247 करोड़ रुपए का सट्टा लगा है। सही नंबर का अनुमान लगाने वाले को यह रकम मिलेगी। इसमें से 90 फीसदी से ज्यादा यानी करीब 20 मिलियन डॉलर तमिलनाडु के चुनाव नतीजे पर लगा है। इसके बाद पांच मिलियन डॉलर यानी करीब 47 करोड़ रुपए पश्चिम बंगाल के नतीजे पर लगे हैं।
अमेरिका के इस प्लेटफॉर्म पर पश्चिम बंगाल में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान है। वहां के सट्टे के मुताबिक ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के जीतने पर 53 फीसदी सट्टा लगा है। यानी ज्यादा लोग ममता की पार्टी के जीतने के चांस देख रहे हैं। तमिलनाडु में 88 फीसदी लोगों का मानना है कि एमके स्टालिन की डीएमके जीतेगी। केरल पर सट्टा लगाने वालों में 75 फीसदी मान रहे हैं कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला एलडीएफ जीतेगा। असम में 98 फीसदी लोगों ने भाजपा के जीतने पर सट्टा लगाया है। पुडुचेरी में भी रंगास्वामी के नेतृत्व में एनडीए की जीत पर भी करीब 90 फीसदी दांव लगा है। भारत में भी एक्जिट पोल करने वाले बंगाल को छोड़ कर बाकी चार राज्यों के बारे में ऐसा ही अनुमान जाहिर कर रहे हैं।


