प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव क्षेत्र वायनाड के जिला अध्यक्ष एनडी अप्पचन को हटा दिया गया है। बताया जा रहा है कि प्रियंका उनसे नाराज थीं और इस वजह से उनसे इस्तीफा ले लिया गया है। गौरतलब है कि पिछले दिनों प्रियंका 12 दिन तक अपने चुनाव क्षेत्र में रही थीं। इस दौरान सोनिया गांधी भी वायनाड गई थीं लेकिन वह उनकी निजी यात्रा थी। अप्पचन पहले विधायक रहे हैं। उन्होंने इस्तीफा देने के बाद कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सन्नी जोसेफ को सब पता है। बताया जा रहा है कि प्रियंका की यात्रा के दौरान एक के बाद एक कई विवाद हुए, जिसका खामियाजा जिला अध्यक्ष को भुगतना पड़ा।
जैसे प्रियंका गांधी वाड्रा की यात्रा शुरू होने के एक दिन बाद 12 सितंबर को जिला कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष एनएम विजयन की बेटी ने आत्महत्या करने का प्रयास किया। उसने कांग्रेस की ओर से आर्थिक मदद नहीं दिए जाने के लिए उसकी आलोचना करते हुए खुदकुशी का प्रयास किया। गौरतलब है कि विजयन और उनके बेटे जीतेश ने पिछले साल खुदकुशी कर ली थी। वे 2019 में पार्टी के नियंत्रण वाले कोऑपरेटिव बैंक में हुए घोटाले से जुड़े थे। इसी तरह प्रियंका की यात्रा से एक दिन पहले वायनाड के एक पंचायत में पार्टी के एक स्थानीय नेता ने खुदकुशी कर ली थी। इस पूरे विवाद की छाया प्रियंका की यात्रा पर रही। हालांकि जिला अध्यक्ष सीधे तौर पर इनमें किसी विवाद से नहीं जुड़े थे। यह भी ध्यान रखने की बात है कि पहले राहुल गांधी सांसद थे और अब प्रियंका हैं फिर भी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जा रही है तो दोष सिर्फ जिला अध्यक्ष का कैसे होगा!
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



